कंधई थाना क्षेत्र के ईशनपुर में शादी के पहले लगी आग से दहेज व बारातियों के खान पान के लिए रखा सामान जल गया। आग बुझाने में ग्रामीणों को पसीना छूट गया। खुशी वाले घर का माहौल गमगीन हो उठा। परेशान परिवार की मदद के लिए गांव के लोगों के साथ ही रिश्तेदार आगे आए।
ईशनपुर निवासी शिवंबर रजक की बेटी इंद्रवती की रविवार को शादी थी। पूरा परिवार शादी की तैयारी में जुटा था। शादी के लिए दहेज और बारातियों के खाने पीने का सामान शिवंबर ने कच्चे मकान के अलावा रिहायशी छप्पर में रखा था। शनिवार की देर रात अज्ञात कारणों से रिहायशी छप्पर में आग लग गई। आग भड़ककर शोला बन गई। शोर शराबा सुनकर गांव के लोग शोर मचाते हुए आग बुझाने के लिए भागे। ग्रामीण आग बुझाने लगे, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना के बाद भी फायरब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने खासी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक उसकी गृहस्थी व बेटी की शादी के लिए दहेज में रखा सामान जलकर राख हो चुका था। आग से लाखों रुपये का सामान व गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बेटी के हाथ पीले करने के लिए गांव व रिश्तेदार उसकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया।