प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के संडौरा गांव में रविवार सुबह हेलमेट लगाकर पहुंचे बाइक सवार दो युवकों ने पिंटू पांडेय (32) पुत्र कृष्णानंद पांडेय को गोली मार दी। दो गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आए। यहां से उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया गया। शाम तक रानीगंज पुलिस को घटना की जानकारी नहीं हो सकी थी।
पिंटू का पिछले दिनाें बाजार में कुछ लोगाें से विवाद हो गया था। वह रविवार की सुबह साढे़ 6 बजे घर से पैदल ही खेत की ओर जा रहा था। जैसे ही वह गांव के बाहर पहुंचा, हेलमेट लगाकर उसके पास पहुंचे बाइक सवार दो युवकों ने गोली मार दी। दो गोली लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ा और हमलावर भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनते ही घर, गांव के लोग मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल ले आए। यहां साथ मौजूद लोगाें ने पुरानी रंजिश में गोली मारने की बात कही लेकिन किसी का नाम बताने इनकार कर दिया। जिला अस्पताल से उसे कुछ ही देर में इलाहाबाद रेफर कर दिया गया। एसओ रानीगंज बालकृष्ण शुक्ला ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।