बच्चे को ओझा के पास झाड़फूंक के लिए ले जा रहे युवक की साइकिल में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे युवक के साथ ही उसकी पत्नी और बच्चा दूर जा गिरे। तीनों गंभीर रूप से घायल हुए जिसमें बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने ट्क चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बाघराय थाना क्षेत्र के अवतारपुर गांव निवासी गजानंद (40)पुत्र छेदी लाल यादव मंगलवार की सुबह अपनी पत्नी रीता देवी (36) और दो माह के बच्चे को लेकर झाड़फूंक कराने के लिए साइकिल से जा रहा था। वह जैसे ही अवतारपुर तिराहे के पास पहुंचा, लालगंज की तरफ से आ रहे ट्क ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों छिटककर दूर जा गिरे। इसमें युवक और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई जबकि उसके बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने घायल युवक व उसकी पत्नी को सीएचसी बाघराय में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। उधर पुलिस ने ट्क चालक को हिरासत में ले लिया। देर शाम तक थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।