एमडीपीजी कालेज में गुरुवार को अराजकतत्वों ने क्लास में छात्राओं से छेड़खानी की। जिससे कालेज के छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा और विरोध जताते हुए जमकर हंगामा किया। शिकायत के बाद प्राचार्य ने गार्ड को बाहरी युवकों को बुलाने के लिए भेजा। बेखौफ युवक कालेज में ही गार्ड से हाथापाई करने लगे। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। हालांकि इससे पहले ही अराजकतत्व भाग निकले।
कालेज में ड्रेस कोड लागू होने के बावजूद बाहरी युवकों का आना जाना बराबर लगा रहता है। गुरुवार को बाहरी युवकों ने रुम नं. 15, 16 में बैठी बीए भाग एक की दो छात्राओं से छेड़खानी की। छात्राओं के विरोध पर युवक उनका हाथ पकड़कर खींचने लगे। शोर के बाद छात्र-छात्राओं की भीड़ मौके पर पहुंच गई, लेकिन बेखौफ युवक कालेज परिसर के बाहर जाने को तैयार नहीं हुए। जानकारी के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उसके बाद छात्र-छात्राओं व परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मामले की शिकायत के बाद प्राचार्य ने गार्ड को युवकों के पास भेजा। गार्ड ने जब युवकों को प्राचार्य के पास चलने के लिए कहा तो वह अपने साथियों के साथ उससे हाथापाई करने लगे। ऐसे में गार्ड अपनी जानबचाकर वहां से भाग आया। बाद में शिक्षकों ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो अराजकतत्व वहां से भाग निकले। घटना से छात्र-छात्राओं में आक्रोश था। उन्होंने प्राचार्य से बाहरी युवकों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की। ॣहालांकि कालेज के जनसूचनाधिकारी डॉ. सीएन पांडेय ने बताया कि छात्राओं से छेड़खानी किए जाने की कोई शिकायत उनके पास नहीं आई है। बाहरी युवकों का प्रवेश भी कालेज में वर्जित है।