लूटपाट के इरादे से घुसे नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी को गोली मार दी। अंधाधुंध फायरिंग से बाजार में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। आनन-फानन में परिजन व करीबी घायल व्यापारी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। डाक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देख इलाहाबाद रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी जानकारी लेने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे।
अंतू थाना क्षेत्र के गड़वारा बाजार निवासी लालजी ऊमरवैश्य (40) पुत्र सरयू प्रसाद किराना व्यापारी हैं। बुधवार की रात सवा आठ बजे अपाचे बाइक से दो नकाबपोश बदमाश दुकान पर पहुंचे। बदमाश चेहरा ढका रख था। बदमाश लालजी के गल्ले से रुपये निकालने लगे लेकिन लालजी विरोध करते हुए शोर मचाने लगे। यह देख बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बाजार में पांच राउंड फायरिंग से सनसनी फैल गई। बदमाशों की फायरिंग में लालजी के सीने में एक गोली और दो गोली बाएं हाथ में जा लगी। जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़े। बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद भाग निकले। परिजन व्यापारी को लेकर जिला अस्पताल भागे। हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी पूर्वी राकेश सिंह अस्पताल पहुंचे और व्यापारी से पूछताछ के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन करने लगे।