हाईवे पर बेखौफ बदमाशों ने फाइनेंस कर्मचारी से तमंचे के बल पर 70 हजार रुपये लूट लिए। दूसरी ओर बाइक सवार दो युवकों को बदमाशों ने दिलीपपुर के करीब निशाना बनाया। दो कांवड़ियों का मोबाइल भी छीनकर भी बदमाश भाग निकले। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
कौशांबी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र के कसिया निवासी राहुल चौरसिया एक फाइनेंस कंपनी का एजेंट है। बुधवार की शाम वह वसूली के बाद रानीगंज बाजार की ओर बाइक से जा रहा था। नगर कोतवाली के छैवा पुल के करीब बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। तमंचा सटाकर बदमाश उसका बैग ले भागे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे पीटा। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम पहुंची। छानबीन के बाद पुलिस लौट गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि बैग में कंपनी के 70 हजार रुपये थे। प्रभारी नगर कोतवाल ने बताया कि घटना संदिग्ध है। छानबीन की जा रही है। दूसरी ओर अंतू थाना क्षेत्र के पूरे अंती निवासी जितेंद्र सरोज अपने साथी राधेश्याम निवासी बांसी के साथ बाइक से पट्टी गया था। वहां से घर दिलीपपुर के रास्ते लौट रहा था। बाजार से आगे बढ़ने पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हे रोक लिया और तमंचा सटाकर जितेंद्र से 9 हजार रुपये और राधेश्याम से 450 रुपये व मोबाइल छीन ले गए। घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। बताया जाता है कि दो कांवड़ियों के मोबाइल भी रात में बदमाशों ने छीन लिया। कंधई एसओ ने बताया कि ऐसी घटना की शिकायत नहीं मिली है।