नगर कोतवाली क्षेत्र से सोमवार को एक मदरसा शिक्षिका का अपहरण कर लिया गया। वारदात तब हुई जब वह क्लास लेने के बाद दवा लेने के लिए पुराना माल गोदाम रोड स्थित नर्सिंग होम के लिए रवाना हुई। शिक्षिका के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
भंगवा की रहने वाली युवती पड़ोसी गांव स्थित एक मदरसे में शिक्षिका है। सोमवार को मदरसे में पढ़ाने के दौरान तबीयत खराब होने पर दोपहर में दवा लाने के लिए नर्सिंग होम के लिए निकली थीं। मदरसे की छुट्टी होने के बाद वह घर नहीं पहुंची तो परिजन उसकी खोजबीन करने लगे। अचानक पिता के मोबाइल पर एक अपरिचित नंबर से फोन आया कि उसकी लड़की सुरक्षित है, परेशान होने की जरूरत नहीं है। परिजन भागकर मदरसा पहुंचे तो पता चला कि वह नर्सिंग होम दवा लाने की बात कहकर निकली थी। उसकी खोजबीन करते हुए परिवार के लोग नर्सिंग होम पहुंचे। वहां भी उसका सुराग नहीं लग सका। सशंकित पिता ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई और अनहोनी की आशंका जताई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।