कालेज में फीस बंटवारे को लेकर हुए विवाद के दौरान एक पक्ष ने लाठी डंडे से कुनबे को पीटकर अधमरा कर दिया। मारपीट होती देख कालेज में भगदड़ मच गई। बच्चों ने छिपकर जान बचाई। छात्रा समेत तीन लोगों की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें उपचार के लिए इलाहाबाद रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस तीन आरोपियों को थाने उठा लाई। खबर भेजे जाने तक पुलिस को तहरीर नही दी गई है।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के नगर छतौना निवासी रामदीन (48) पुत्र राम शरण ने दो दशक पूर्व अपनी जमीन कालेज खोलने के लिए दी थी। कालेज के निर्माण में पट्टीदार झल्लू की भागीदारी थी। श्रमजीवी इंटर कालेज नाम से कालेज खोला गया। कुछ दिनों से कालेज कार्यकारिणी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। झल्लू ने साजिश के तहत रामदीन का नाम प्रबंधक कमेटी से हटा दिया। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज हुआ था। कालेज में सोमवार को पढने वाले छात्र-छात्राओं की फीस जमा की जा रही थी। फीस बंटवारे को लेकर झल्लू और रामदीन के बीच विवाद होने लगा। बाद में झल्लू पक्ष के लोगों ने रामदीन पर लाठी डंडे से हमला बोल दिया। शोर शराबा सुनकर रामदीन पक्ष से पतिराजी (60) पत्नी रामशरण, त्रिभुवन (19) पुत्र राम सहाय, संजय (17) पुत्र उदयराज, शिमला (40) पत्नी उदयराज, कमलेश (42) पुत्र राम सहाय और राजकुमारी (38) पत्नी रामदीन व साक्षी (12) पुत्री राम बहादुर पहुंचे। सभी को हमलावरों ने मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। मारपीट के दौरान कालेज परिसर में भगदड़ मच गई। बच्चों को जान बचाने के लिए कालेज परिसर के कमरों में छिप जाना पड़ा। गांव के लोगों ने सभी को उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पता लाया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने रामदीन, छात्रा साक्षी और पतिराजी को इलाहाबाद रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस तीन हमलावरों को थाने ले गई। एसओ देवसरा ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।