बाइक सवार बदमाश बिजली कंपनी के मैनेजर को मारपीट कर उसके पास से एक लाख रुपये लूटकर भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश भागने में कामयाब हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन लूट की घटना से पुलिस इनकार कर रही है।
सांगीपुर में विद्युत उपकेंद्र का निर्माण टेक्नो फेब इंजीनियरिंग लिमिटेड दिल्ली करा रही है। निर्माण कार्य की देखभाल आगरा का रहने वाला राजेश उपाध्याय करता है। सोमवार को वह बाइक से कचहरी आया था। जहां खनन की रायल्टी जमा करनी थी। काम निपटाने के बाद वह बाइक से अपने काम पर लौट रहा था। पूरे ओझा के करीब बाइक सवार पांच लोगों ने उसे रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता, हमलावर उसे पीटने लगे। प्रत्यक्षदशयों की मानें तो हमलावरों के हाथ में असलहे थे। पिटाई के दौरान राजेश की जेब से बदमाशों ने एक लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद वे भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की तहकीकात करने लगी। राजेश का आरोप है कि जब से विद्युत उपकेंद्र के निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ है। इलाके के कटराबूबूपुर निवासी लकी सिंह एक लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है। जिसे न देने पर धमकी दी थी। उसी ने हमला कराया और रुपये लूटे हैं। नगर कोतवाल ने बताया कि लूट की बात सरासर गलत है। तहरीर मिली है, घटना की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।