फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

प्रेम विवाह पर बेटी को मार डाला

Wed, 02 Nov 2016 11:55 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो प्रतापगढ़।
murder
गैर बिरादरी के युवक से प्रेम विवाह करने से नाराज पिता ने परिवार के लोगों के साथ मिलकर बेटी की हत्या कर दी। परिवार के लोगों के साथ वह घर छोड़कर फरार हो गया। युवती की तलाश करते हुए पुलिस पहुंची तो घर में ताला लटकता मिला। पुलिस दरवाजा तोड़कर भीतर घुसी तो उसे युवती का शव मिला। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पिता व परिजनों की तलाश कर रही है।

पट्टी कोतवाली क्षेत्र के धनगढ़ सराय छिवलहा निवासी संजू सिंह पुत्री राकेश कुमार सिंह और असुढ़ी निवासी सौरभ पांडेय पुत्र भाष्कर पांडेय के बीच काफी दिनों से प्रेम चल रहा था। कुछ दिनों पहले दोनों ने घर से भागकर लखनऊ में कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के बाद दोनों लखनऊ के आशियाना इलाके में रहने लगे। बेटी के इस कदम से पिता व परिवार के लोग बेहद नाराज थे। इसके बावजूद संजू से पिता व परिवार के लोगों के बीच बातचीत होने लगी।

 पुलिस के मुताबिक 10 अक्तूबर को राकेश सिंह अपनी बेटी को एक सप्ताह के लिए विदा कराकर लाया। इसके लिए उसने सौरभ को समझौतानामा भी लिखकर दे दिया था। सप्ताह भर बीतने के बाद भी राकेश बेटी को लखनऊ नहीं भेज रहा था और न ही पति सौरभ से बातचीत करने देता। इससे परेशान होकर सौरभ पांडेय ने उच्च न्यायालय में पत्नी की विदाई के लिए याचिका दाखिल करते हुए संजू की हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप पर पट्टी पुलिस सक्रिय हुई और संजू की तलाश करने लगी। पुलिस की खोजबीन के दौरान राकेश सिंह अपनी बेटी संजू को लेकर गत दिनों कोतवाली पहुंचा और दीपावली के त्यौहार के बाद बेटी को पति के साथ विदा करने की रजामंदी दी।

सौरभ की मानें तो दिवाली के बाद भी संजू को विदा करने के लिए परिजन राजी नहीं थे। इस मामले में पट्टी पुलिस ने सौरभ की तहरीर पर राकेश समेत अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण व बंधक बनाने का मुकदमा दर्ज कर लिया। बुधवार को संजू को कोतवाली पहुंचाने की बात राकेश ने मान ली थी। दोपहर तक संजू को लेकर राकेश नहीं पहुंचा तो पुलिस ने आसपास के लोगों से बातचीत की। पता चला कि राकेश व उसके परिवार के लोगों के घरों में ताला बंद है।

अनहोनी की आशंका में भागकर प्रभारी कोतवाल छिवलहा पहुंचे। बंद दरवाजे को तोड़कर पुलिस भीतर घुसी तो सन्न रह गई। कमरे में संजू का शव पड़ा था। हालांकि उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं थे, लेकिन शरीर पूरी तरह काला पड़ गया था। युवती के पिता समेत अन्य लोगों की तलाश में पुलिस जुट गई।

प्रभारी कोतवाल ने बताया कि संजू आनरकिलिंग की भेंट चढ़ गई। ऐसा घटनास्थल देखने से लग रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद पहले से दर्ज अपहरण के मुकदमे को हत्या में तरमीम करते हुए पिता समेत अन्य आरोपियों पर कार्रवाई होगी।
विज्ञापन


 
Next
AU ऐप में पढ़ें