यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं में गुरुजी रुपये टटोल रहे हैं। नकल नहीं मिलने से हताश छात्र-छात्राएं पांच-पांच सौ रुपये के नोट लगा रहे हैं। परीक्षार्थियों के कॉपी जमा करने के बाद कक्ष निरीक्षक पन्ने उलट कर रुपये खोज रहे हैं।
यूपी बोर्ड की परीक्षा में सीसीटीवी कैमरे ने नकल के बल पर पास होने का इरादा रखने वाले छात्र-छात्राओं के मंसूबे पर पानी फेर दिया है। ऐसे में नकल करने में फेल परीक्षार्थियों ने अच्छे नंबर पाने के लिए कॉपियों में नोट लगाने शुरू कर दिए हैं। परीक्षा के दौरान कुछ बच्चे ऐसे हैं, जो कॉपियों के बीच नोट छिपाकर गुरुजी से अच्छा नंबर देने का आग्रह कर रहे हैं। शहर के एक परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी करने वाले एक शिक्षक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नोट लगाने की भनक कक्ष निरीक्षकों को होने पर वह टटोलने के बाद ही कापी जमा करते हैं।