बैंक का कैश लूटने के लिए पहुंचे बदमाशों ने गार्ड को पांच गोलियां मारी थीं। कैश बाक्स पर दो फायर झोंका और चार राउंड फायरिंग करते हुए बदमाश भाग निकले। मौके से एक खोखा बरामद हुआ है।
नवाबगंज थाने से महज डेढ़ किमी दूर एसबीआई की शाखा है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बुधवार की शाम चार बजे बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने गार्ड विनय शुक्ला को करीब से पांच गोली मार दी। दोनों हाथों से पिस्टल से बदमाश ने गार्ड को गोली मारी। गार्ड की बंदूक छीनने के बाद बदमाशों ने कैश बाक्स पर दो फायर किया। बाक्स लूटने में कामयाब मिलती न देख बदमाश बाजार के लोगों को आता देख बाइक से भाग निकले।
बाजार के लोगों के पीछा करने के भय से बदमाशों ने हवा में चार राउंड गोलियां चलाईं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की पड़ताल के दौरान एक पिस्टल का एक खोखा मौके पर ही मिल गया। लोगों का कहना था कि बदमाशों के चार पिस्टल थी। जिसे वे लहराने के साथ ही फायर भी कर रहे थे। इस घटना से बाजार के लोगों में खासी दहशत व्याप्त है। पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय ने बताया कि गार्ड को पांच गोली मारने की बात सामने आ रही है। बैंक का कैश लूटने के लिए बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन की जा रही है।
आईजी, डीआईजी पहुंचे थाने , ली जानकारी
एसबीआई बैंक का कैश बाक्स लूटने के दौरान बदमाशों ने गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद आईजी केएस प्रताप व डीआईजी विजय यादव मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के उपरांत दोनों अफसर थाने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मातहतों को क्षेत्र के लुटेरों की तलाश में दबिश देने का निर्देश दिया।
एसटीएफ, क्राइम ब्रांच ने कुंडा में डाला डेरा
एसबीआई का कैश बाक्स लूटने के प्रयास में गार्ड की गोली मारकर हत्या की घटना को पुलिस चुनौती मान रही है। आईजी व डीआईजी के साथ ही क्राइम ब्रांच इलाहाबाद के अलावा एसटीएफ की टीम ने कुंडा में डेरा डाल दिया है। एसटीएफ घटना के समय प्रयोग होने वाले मोबाइलों का डाटा खंगालते हुए अपराधियों तक पहुंचने में हाथ पैर मार रही है। परियावां बाजार के बीटीएस टावर को खंगाला जा रहा है।