प्रतापगढ़। आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला यात्री का पर्स छीनकर भागने वाला शातिर शुक्रवार को जीआरपी के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसके पास से लूट का सामान बरामद कर उसे जेल भेज दिया। घटना बृहस्पतिवार रात की है।
कोलकाता की अंजू सरोजा पत्नी अमंग आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस से हाथरस जा रही थी। ट्रेन प्रतापगढ़ पहुंचने वाली थी कि एक बदमाश उसका पर्स छीनकर चलती ट्रेन से कूदकर भाग निकला। घटना की जानकारी होने के बाद यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। ट्रेन प्रतापगढ़ पहुंची तो अंजू सरोजा ने जीआरपी को इस घटना से अवगत कराया। तहरीर पर जीआरपी ने लूट का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार की भोर में जीआरपी ने लुटेरे को स्टेशन के करीब से ही दबोच लिया।
उसके पास से लूटा गया पर्स, जेवर और नगदी बरामद हो गई। एसओ जीआरपी बीके सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश ज्ञानचंद पुत्र छोटेलाल सारनाथ, वाराणसी का रहने वाला है। उसके पास से अंजू का मोबाइल और लूटा गया सारा सामान बरामद कर लिया गया है। ज्ञानचंद के बारे में पता चला है कि वह शातिर अपराधी है। इसके पहले भी इस तरह की कई घटनाएं कर चुका है। उसके खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।