हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद बेलखरनाथ ब्लाक में ग्राम प्रधान के बेटे की राशन की दुकान निरस्त करने के बाद अब मंगरौरा ब्लाक के पूरबपट्टी ग्राम पंचायत का कोटा भी आपूर्ति विभाग ने निरस्त कर दिया है। यहां दो सगे भाइयों में एक ग्रामप्रधान तो दूसरा कोटेदार बन बैठा। इस मामले में भी ग्रामीणों ने हाईकोर्ट की शरण ली। तब जाकर विभाग ने यह कार्रवाई की है।
राशन की दुकानों के आवंटन में विभागीय अधिकारियों द्वारा किस तरह मनमानी की गई है, यह अब सामने आ रहा है। हाईकोर्ट के संज्ञान में मामला आने के बाद विभागीय अधिकारियों ने अब कार्रवाई में तेजी ला दी है। बेलखरनाथ के बाद अब मंगरौरा के पूरबपट्टी गांव का कोटा निरस्त हुआ है। यहां विजय कुमार सिंह पुत्र हनुमत सिंह ग्रामप्रधान हैं तो उनके भाई राजकुमार सिंह कोटेदार। इस मामले की शिकायत गांव के ही राधेश्याम सिंह ने अधिकारियों से की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस पर वह हाईकोर्ट पहुंच गए। इसके बाद आलाधिकारियों के निर्देश पर यहां की भी दुकान निरस्त कर दी गई। सूत्रों की मानें तो देवसरा ब्लाक के एक गांव में भी जल्द ही राशन की दुकान का आवंटन निरस्त होगा।