बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना को भी कुछ जालसाज पलीता लगाने में जुटे हुए हैं। इस योजना में आवेदक को एक लाख का नगद अनुदान दिलाने के नाम पर फार्म का वितरण किया जा रहा है। जबकि शासन की इस संबध में नगद सहायता की कोई योजना ही नहीं है। प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास अनुभाग के पत्र पर डीजीपी ने प्रशासन को ऐसे मामलों पर लगाम लगाने तथा मामला सामने आने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नाम पर कुछ लोगों ने ठगी शुरू कर दी है। जालसाज लोगों को एक आवेदन पत्र देकर उसे भरने तथा उसके स्वीकृत होने पर सरकार से एक लाख नगद अनुदान का लालच देकर रुपये ऐंठ रहे है। जबकि सरकार की इस योजना में नगद भुगतान को कोई प्रावधान ही नहीं है। महिला व बाल विकास की प्रमुख सचिव रेणुका कुमार ने ऐसे आवेदनों पर हैरानी जाहिर करते हुए इस दिशा में ठोस कार्रवाई का निर्देश दिया है। इन आवेदन पत्रों की रजिस्ट्री किए जाने का संज्ञान शासन ने लिया है। ऐसे में पुलिस महानिदेशक जवीद अहमद ने भी जिले के प्रशासनिक अमले व पुलिस अधिकारियों को इस दिशा में कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।