लालगंज। सगरा स्थित एक नर्सिंगहोम संचालक को पांच लाख रुपये की फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी भरा पत्र अज्ञात युवक के जरिए भेजा गया है। पूर्व प्रधान समेत चार लोगों को नामजद करते हुए पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
लालगंज कोतवाली के सगरासुंदरपुर बाजार में कल्पना नर्सिंगहोम है। इसके संचालक डॉ. शांतीलाल यादव 22 जनवरी को नर्सिंगहोम के सामने बैठे थे। इस बीच एक युवक पहुंचा और संचालक के सामने चिट्ठी फेंककर भाग निकला। इसमें चिकित्सक से पांच लाख फिरौती की मांग की गई थी। लिखा था कि रुपये नहीं मिले और पुलिस को जानकारी दी तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। पैसा कहां पहुंचाना है, यह बाद में बताया जाएगा। घबराए नर्सिंगहोम संचालक ने कोतवाली पहुंचकर मामले की जानकारी दी। उसने गांव के ही पूर्व प्रधान सहित चार लोगों पर फिरौती मांगने की आशंका जताई। उसका कहना है कि एक दिन पहले इन लोगों ने उसे जान से मारने का प्रयास किया था। नर्सिंगहोम संचालक की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।