शहर के श्यामबिहारी गली के सर्राफ संतोष सोनी को बदमाशों ने फायरिंग कर 5 तोला सोने के साथ ही नकदी और मोबाइल लूट लिया।
सूचना पर शहर कोतवाल मौके पर पहुंचे और पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश की। घटनास्थल अंतू होने की दशा में वहां की पुलिस को अवगत कराया गया। मामले में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना रविवार शाम की है।
अंतू थाना क्षेत्र के जगेसरगंज निवासी संतोष सोनी ने शहर के श्यामबिहारी गली में दुकान खोली है। वह रविवार शाम बाइक से घर जा रहा था। चमरौरा नदी का पुल पार करते ही सड़क किनारे खडे़ एक लोडर पर मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया।
इसी बीच एक मोटर साइकिल से भी तीन लोग पहुंचे और तीन फायर करने के बाद संतोष को लूट लिया। लुटेरों ने उसके पास से 5 तोला सोना, 4 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया।
घटना के बाद आसपास के लोगों के साथ ही राहगीर भी रुक गए। शहर कोतवाल बलिराम मिश्र भी पहुंचे और पूछताछ की। स्थानीय लोगों के अनुसार उसने शहर कोतवाल से लुटरों की संख्या 10-12 बताई थी। उसका कहना था कि सभी लोग लोडर पर सवार थे और सड़क किनारे खडे़ थे।
हालांकि दूसरे दिन सोमवार को अंतू में रिपोर्ट दर्ज की गई तो बदमाशों की संख्या 3 हो गई थी। पीड़ित संतोष ने बताया कि उसने पहले 10-12 लोगों के ही खिलाफ तहरीर दी थी लेकिन बाद में बदमाशों की संख्या कम कराकर 3 कर दी गई। हालांकि सीओ सिटी समरबहादुर का कहना था कि लोडर पर सवार लोग वहां पहले से रुके थे।
उनका लूट में कोई योगदान नहीं था। बाद में मोटर साइकिल से पहुंचे तीन लोगों ने लूट की घटना को अंजाम दिया और फायरिंग भी की। बदमाशों की तलाश की जा रही है।