लालगंज इलाके में गुरुवार रात बदमाश एक बाइक सवार को रोककर उसकी अपाची बाइक लूटने लगे। शोर सुनकर उसे बचाने पहुंचे रायपुर तियाई गांव निवासी चन्द्रेश यादव (19) को गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बदमाश बाइक छीनकर फरार हो गए। घायल चंद्रेश को सीएचसी लाया गया, जहां से उसे डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के रायपुर तियाई गांव निवासी चन्द्रेश यादव (19) पुत्र नथई सरोज पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा है। गुरुवार देर शाम वह हाइवे पर दौड़ लगा रहा था। इस बीच पड़ोसी गांव सराय ज्ञानमति बबुरी निवासी जाकिर अपनी अपाची बाइक से दवा लेने नया का पुरवा जा रहा था। गांव के पास ही उसे एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता कि बदमाश उसकी पिटाई कर बाइक छीनने लगे। उसके शोर मचाने पर कुछ दूर रहा चंद्रेश वहां पहुंच गया। वह बदमाशों से भिड़ गया। भारी पड़ते देख बदमाशों ने उसे गोली मार दी। इससे वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। इस बीच बदमाश जाकिर की बाइक छीनकर फरार हो गए। बदमाशों की पिटाई से जाकिर भी जख्मी हो गया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस के साथ ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को सीएचसी लालगंज पहुंचाया। यहां उनकी हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।