शार्ट सर्किट से किराने व कपड़े की दुकान में आग लग गई। इससे किराने की दुकान और कपड़े की दुकान में लाखों रुपये का सामान जल गया। आधी रात को पड़ोस का एक युवक शौच के लिए उठा और दुकान में आग लगी देख शोर मचाने लगा। शोर शराबे की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के केरावडीह गांव निवासी गनेश अग्रहरि पुत्र सत्येंद्र अग्रहरि ने परियावां रोड पर किराने व कपड़े की दुकान खोल रखी है। बीती रात लगभग 12 बजे शार्ट सर्किट से उनके किराने व कपड़े की दुकान में आग लग गई। इससे दुकान में रखा कीमती कपड़ा व किराने का पूरा सामान जलकर राख हो गया। पड़ोसी युवक शौच के लिए रात में उठा तो दुकान में आग लगी देख शोर मचाने लगा।
शोर शराबे की आवाज पर दुकान के आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए और सूचना दुकान मलिक को दी। मौके पर पहुंचे गनेश ने दुकान का ताला खोला तो उसे करंट लगने लगा। इस पर लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन कर बिजली कटवाई। इसके बाद आग बुझाने का प्रयास करने लगे। आग बुझाने के दौरान गांव के ही अंकित जायसवाल आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान लाखों रुपये का नुकसान हो गया।