उदयपुर। उदयपुर थाना क्षेत्र के कुंभीआइमा में शनिवार को बिजली के तारों में हुई शार्ट सर्किट से कमरे में रखे गए पटाखे और बारूद में आग लग गई। इससे जोरदार धमाका हुआ। घटना में पांच लोग झुलस गए। विस्फोट इतना तेज था कि छत दरक गई। लाखों का सामान जल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। उदयपुर थाना क्षेत्र के कुंभीआइमा निवासी लल्लू के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस है। दशहरा व दीपावली के लिए उसने पटाखे तैयार करना शुरू कर दिया था। तैयार किए गए पटाखे व बारूद घर में पीछे की ओर बने एक कमरे में रखा गया था। इसी कमरे में उसने गृहस्थी का सामान भी रखा था और परिवार के लोग सोते भी थे।
शनिवार भोर में लल्लू की चार बेटियां व दुधमुहां पौत्र कमरे में सो रहे थे। घर के बाकी सदस्य बाहर थे। करीब पांच बजे अचानक शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी कमरे में रखे पटाखों में जा गिरी। जिससे पटाखे व बारुद में धमाका होने लगा। कमरे में सो रहे लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। तब तक बारूद में भी विस्फोट हो गया। जिससे लल्लू की बेटी साहिबा बानो (18), नाज बानो (16), महनाज बानो (14) और मोना (5) झुलस गई। हवाईदार की पांच माह का दुधमुहां पौत्र भी झुलस गया। किसी तरह सभी को कमरे से बाहर निकाला गया। धमाके से गांव में अफरातफरी मच गई। मौके पर जुटे ग्रामीण झुलसे लोगों को सीएचसी सांगीपुर ले गए।
सूचना पर सांगीपुर व मंगापुर से पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ों ने आग पर काबू पाया। पटाखों में धमाके से कमरे की छत भी दरक गई। फ्रिज, टीवी समेत लाखों का सामान जल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी घटना की जांच की। उदयपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हवाईदार के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस है। बारूद व पटाखे कम मात्रा में थे, जिससे बड़ी घटना होने से बच गई।