जिले के प्राइमरी स्कूलों में इंगलिश मीडियम में पढ़ाई होगी। पायलट प्रोजेक्ट के तहत शहर के दो स्कूलों का चयन किया गया है। जुलाई माह से इन स्कूलों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई कराई जाएगी।
प्रदेश सरकार द्वारा प्राइमरी स्कूलों में कान्वेंट स्कूलों की तर्ज पर पढ़ाई के लिए योजना बनाई गई है। बेसिक शिक्षा मंत्री के निर्देश पर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के तहत पहले चरण में शहर के दो स्कूलों को इसके लिए चयनित किया गया है। प्राइमरी स्कूल चिलबिला प्रथम और प्राइमरी स्कूल शंकरदयाल रोड पर जुलाई सत्र से बच्चों को इंगलिश मीडियम में शिक्षा दी जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मानें तो अगर यह प्रयोग सफल रहा तो आने वाले दिनों में शहर और ग्रामीण इलाकों के अधिकांश स्कूलों में इंगलिश मिडियम में पढ़ाई होगी।
अब देखना यह है कि प्राइमरी स्कूल के शिक्षक बच्चों को अंग्रेजी में बात करने और पढ़ना-लिखना कैसे सिखाते हैं। जबकि प्राइमरी स्कूलों की लचर शिक्षण व्यवस्था से सब वाकिफ हैं। फिलहाल, जिला समन्वयक अशोक प्रताप सिंह ने बताया कि विभाग ने इन दोनों स्कूलों में नए सत्र से इंगलिश मीडियम में पढ़ाई शुरू करवाने का निर्णय लिया है।