टाउन के बिजली जेई एसबी प्रसाद की पिटाई के विरोध में शुक्रवार को कर्मचारी हड़ताल पर रहे। जिसके कारण बाबागंज और दहिलामऊ उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को दिन भर बिजली नहंी मिली। हालांकि बिजली वाले भुपियामऊ से कटौती की बात बताकर मामले को टरकाते रहे। जबकि भुपियामऊ उपकेंद्र पर दोपहर से बिजली थी।
जोगापुर में चेकिंग करने आये जेई एसबी प्रसाद को कुछ लोगों ने पीट दिया था। उनके साथ गये एसडीओ घनश्याम तिवारी और बाकी कर्मचारी जेई को अकेला छोड़कर भाग निकले। पिटाई से नाराज जूनियर इंजीनियर्स संघ ने हमलावरों की गिरफ्तारी न होने पर शुक्रवार को हड़ताल की धमकी दी थी।
धमकी का असर दिखा। दोपहर के बाद शहरवसियों को लाइट नहीं मिली। दोपहर सवा एक बजे लाइट आई उसके बाद तुरंत चली गई। शाम को साढ़े छ: बजे फिर आई। दिनभर लोग पानी के लिये गरमी से बेहाल रहे। इस बारे में जब एसडीओ टाउन घनश्याम तिवारी का कहना था कि भुपियामऊ उपकेंद्र में आई खराबी के कारण लाइट बंद थी। जबकि भुपियामऊ सबस्टेशन के एसडीओ ने बताया कि उनके यहां लाइट है। शहर में कहीं कोई समस्या थी जिसके कारण एसडीओ और जेई ने दहिलामऊ और बाबागंज की आपूर्ति बंद कराई थी। एक्सईएन प्रथम एसपी मिश्रा को फोन किया गया मगर उनसे बात नहीं हो पाई।