उदयपुर थाना के अठेहा बाजार के पास अनियंत्रित होकर बाइक पलटने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे।
रायबरेली जनपद के अहियारी निवासी अमित शुक्ला (25) पुत्र संतोष शुक्ला अपने फूफा जगन्नाथ पांडेय के घर बाइक से अमेठी जनपद के कुंभा गौरीगंज गया था। बुआ श्यामा देवी (50) के साथ बाइक से घर लौट रहा था। उदयपुर थाना के अठेहा के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे बुआ और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने श्यामा देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि अमित शुक्ला की हालत नाजुक बनी है। सूचना पर रोते बिलखते परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।