बुधवार को लोनिवि कार्यालय में सड़क के टेंडर को लेकर हुई फायरिंग के मामले में लापरवाही बरतने वाले दो सिपाहियों को पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया है। चौकी प्रभारी घटना के समय मौके से गायब थे। उनके खिलाफ सीओ सिटी को जांच सौंपी है। फायरिंग करने वाले आरोपी के घर पुलिस ने दबिश दी। लोकनिर्माण विभाग कार्यालय में बुधवार को करीब तीन बजे सीडी टू खंड में सड़क के टेंडर को लेकर विवाद हो गया। मौके पर सिविल लाइन चौकी के दो सिपाही मौजूद थे। टकराव के बाद अभय सिंह ने फायरिंग कर दी थी। जिससे कार्यालय में हड़कंप मच गया। फायरिंग करने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला ।
मौके पर सीओ सिटी शशीशेखर दीक्षित व नगर कोतवाल हरिपाल सिंह यादव पहुंचे थे। छानबीन के बाद पुलिस ने अभय सिंह के खिलाफ देर रात मुकदमा दर्ज किया। घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक माधव प्रसाद वर्मा ने लोनिवि कार्यालय पर मौजूद आरक्षी राजेश व चंद्रभुवन को लापरवाही बरतने पर लाइनहाजिर कर दिया। घटना के समय कार्यालय से कहीं चले गए चौकी प्रभारी अनूप श्रीवास्तव के खिलाफ सीओ सिटी को जांच का आदेश दिया। फायरिंग करने के आरोपी अभय सिंह के घर पुलिस ने जोरदार दबिश दी। नगर कोतवाल ने बताया कि आरोपी अभय के साथ ही उसके साथियों की भी तलाश की जा रही है।