शहर के बाबागंज स्थित होटल गोयल रेजीडेंसी का ताला एक बार फिर खुल गया। बुधवार को कर्मचारियों ने होटल खोलकर साफ-सफाई भी की। 19 जून को आग लगने से दस लोगों की मौत और दर्जनों लोगों के झुलसने की दर्दनाक घटना के बाद भी होटल को सील नहीं किया गया। घटना की जांच के दौरान प्रशासन को भी होटल में तमाम खामियां मिली थीं।
होटल गोयल रेजीडेंसी में 19 जून को लगी आग में दस लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। जबकि दर्जनभर से अधिक लोग झुलस गए थे। हादसे के बाद लोगों के आक्रोश को देखते हुए जिला प्रशासन ने होटल में ताला बंद करा दिया था। कई स्तर पर जांच हुई। जिसमें होटल संचालन में तमाम खामियां सामने आई थीं। इस मामले में होटल संचालन से जुड़े सुनील गोयल व कर्मचारियों को जेल भेज दिया था। मृतक के परिजनों ने कोतवाली में कई मुकदमे भी दर्ज कराए थे। गत दिनों होटल का ताला खोलकर साफ- सफाई प्रारंभ कराई गई। इस बात की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में एडीएम के आदेश पर नगर कोतवाल हरपाल सिंह यादव ने मौके पर पहुंचकर होटल में फिर से ताला बंद करा दिया।
पुलिस होटल सील करने का आदेश उपजिलाधिकारी सदर से मांगती रही, लेकिन इतने दिन बाद भी होटल सील करने से संबंधित कोई अभिलेख जिला प्रशासन की ओर से पुलिस को उपलब्ध नहीं कराया गया। बुधवार को होटल का ताला संचालन से जुड़े लोगों ने फिर से खुलवाया और साफ-सफाई कराने लगे। होटल का ताला खुलते ही उसे देखने वालों का जमावड़ा होने लगा। इस बाबत प्रभारी कोतवाल से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि पुलिस को होटल सील कराने का कोई आदेश ही नहीं मिला है।