ट्रैक्टर से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। परिजनों ने थाने में चालक के विरुद्ध मुकदमा लिखवाना चाहा तो पुलिस ने इनकार कर दिया। इससे गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ गुरुवार को कोतवाली का घेराव किया। काफी देर बाद लोग मुकदमा लिखने के आश्वासन पर गांव लौटे।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के किधौली गांव निवासी राधेश्याम सरोज (40) ईंट-भट्ठे पर काम करता था। वह बुधवार दोपहर बाद धीरेंद्र पटेल के ट्रैक्टर पर ईंट लादकर कुसुवापुर जा रहा था। कुसुवापुर के पास ड्राइवर ने तेजी से ब्रेक लगाया। इससे वह नीचे गिर गया। घिसटते हुए टायर के नीचे आकर दब गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को संग्रामगढ़ थाने ले आई।
उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। लोगों ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कहा तो पुलिस ने इनकार कर दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया। बाद में भट्ठा संचालक के माध्यम से परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया गया। इसमें से 50 हजार रुपये तुरंत दे दिए गए। पुलिस के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।