जिला पंचायत के ठेकेदार के गायब बेटे शैलेंद्र राठौर को खोजते हुए कोतवाली पुलिस दिल्ली पहुंच गई। मुरादाबाद में जिस ठिकाने पर वह रुका था। वहां पहुंचकर पुलिस ने सभी का बयान दर्ज किया। नगर कोतवाली के दहिलामऊ निवासी जिला पंचायत के ठेकेदार वेद प्रकाश राठौर का पुत्र शैलेंद्र करीब एक माह पहले स्कूल के लिए निकला था। वह स्कूल से घर नहीं लौटा था। इस मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन में लगी।
दो दिन पहले परिजनों के पास मुरादाबाद से एक फोन आया। फोन करने वाले ने शैलेंद्र को अपने पास रखने की बात बताते हुए कहा कि पचास हजार रुपये दे दो नहीं तो उसे गायब कर दूंगा। वेद प्रकाश ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सिविल लाइन चौकी प्रभारी उदय त्रिपाठी को शैलेंद्र की बरामदगी के लिए मुरादाबाद भेजा गया। गुुरुवार की सुबह मुरादाबाद पहुंची पुलिस उस ठिकाने पर पहुंच गई। जहां शैलेंद्र रुका हुआ था। पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला कि वह खाने का शौकीन है। उसकी जरूरत वहां नहीं पूरी हो पा रही थी। इसलिए वह दिल्ली जाने की बात कहकर निकला है। सिविल लाइन चौकी प्रभारी ने बताया कि उसकी खोजबीन करने के लिए वह दिल्ली आ गए हैं। संभावना है कि वह जल्द ही पुलिस के हाथ लग जाएगा।