शहर से लगातार गायब हो रहे छात्रों व दूसरों बच्चों को बरामद करने की मांग को लेकर बुधवार को लोग सड़क पर उतर गए। नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का घेराव किया। अधिकारियों को सप्ताह भर की मोहलत दी।
नगर कोतवाली क्षेत्र से लगातार बच्चों के गायब होने से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। सैकड़ों की तादात में जुटे लोग नारेबाजी करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। मांग थी कि अष्टभुजानगर निवासी गायब छात्र चंद्रहास सिंह, केपी इंटर कालेज का गायब छात्र शैलेंद्र राठौर, मनोज निवासी सरायबाबू जेठवारा, मोहित निवासी रामपुर गौरी, सनी सिंह निवासी मोहनगंज को खोजा जाए।
एसपी ने बच्चों को बरामद करने के लिए हर स्तर पर प्रयास करने का वादा किया। कहा कि अपनी मर्जी से गए बच्चों को खोजने में थोड़ा समय लगेगा। इसके बाद लोगों का काफिला जिलाधिकारी आवास पहुंचा। वहां लोगों ने डीएम से मांग करते हुए कहा कि गायब बच्चों की तलाश में वे पुलिस विभाग के अधिकारियों से वार्ता करें। इस मौके पर कांति सिंह, अंबिका सिंह, सिंधुजा सिंह, धर्मेंद्र , इंद्रकार मिश्रा, दिनेश पांडेय, नेहा गुप्ता, विजय लक्ष्मी सिंह, वेद प्रकाश राठौर समेत अन्य मौजूद थे