कंधई थाना क्षेत्र के वारीकला गांव में एससीएसटी के दर्ज मुकदमें से दो नामजद आरोपियों के नाम निकालने के लिए बीस हजार रुपये रिश्वत मांगने के मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी ने गुरुवार से प्रारंभ कर दी। पीड़ित पक्ष का बयान लिया और सीओ को बयान देने के लिए तलब किया है। बता दें कि वारीकला निवासी विजय शंकर मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को बुधवार को शिकायती पत्र देते हुए सीओ पट्टी एसके वर्मा पर बीस हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। विजय के मुताबिक बीस हजार रुपये लेने के बाद सीओ उसके एक बेटे और एक भतीजे का नाम निकाल देते।
विजय के बेटे इंद्रमणि ने सीओ से 24 अगस्त को प्राइवेट नंबर पर हुई बातचीत के वाइस रिकार्ड की सीडी भी एसपी को दिया। एसपी ने इस मामले की जांच एएसपी पश्चिमी को सौंपी थी। गुरुवार को एएसपी के समक्ष शिकायत करने वाले विजय और बेटे इंद्रमणि ने बयान दर्ज कराया। एएसपी ने उसका बयान दर्ज किया। बताया कि जिस मोबाइल मेें सीओ की आवाज रिकार्ड की गई है। उस मोबाइल का परीक्षण कराया जाएगा। इसके अलावा जिस जगह से मोबाइल में रिकार्ड हुई बातचीत की सीडी बनवाई गई है। वहां के कंप्यूटर को भी परीक्षण के लिए कब्जे में लिया जाएगा। ताकि मामले की बेहतर जांच हो सके। एएसपी पश्चिमी ने बताया कि पीड़ित पक्ष का बयान ले लिया गया है। सीओ को बयान देने के लिए बुलाया गया है। जांच चल रही है। अभी स्पष्ट तौर पर कुछ कहना संभव नहीं है।