एआरटीओ कार्यालय फुलवरिया में गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने छापा मार कर आठ दलालों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस को देखते ही भगदड़ मच गई। वहां काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। अधिकारियों के आदेश पर गुरुवार को नगर कोतवाल अनिल कुमार कई चौकी प्रभारियों संग फुलवरिया स्थित एआरटीओ कार्यालय जा धमके। पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई। कार्यालय में मौजूद दलाल छिपने के लिए ठौर की तलाश करने लगे। कार्यालय के बाहर डेरा डाल कर बैठे दलाल भी भाग निकले।
सभी को पुलिस ने दूर तक खदेड़ा। कार्यालय परिसर के द्वार को बंद कराकर पुलिस अंदर घुस गई। तलाशी के दौरान संदिग्ध हालत में मिले दर्जन भर लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर कोतवाली आई। यहां पूछताछ के दौरान पता चला कि चार लोग अपने काम से आए थे। उन लोगों को छोड़ दिया गया। जबकि आठ लोगों को दूसरों के वाहनों का काम कराते समय रंगे हाथ पकड़ा गया है। सभी से पूछताछ करने में पुलिस जुटी हुई है। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि पकड़े गए आठ लोगों से पूछताछ की जा रही है। सभी रंगे हाथ पकड़े गए हैं। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।