स्कूल से लौट रही कक्षा नौ की छात्रा को एक नृत्य प्रशिक्षक ने तेजाब से जलाने की धमकी दी। काफी दिन से वह छात्रा के पीछे पड़ा हुआ है। अभी कुछ दिन पहले भी उसने फेसबुक पर छात्रा की फोटो के साथ अपनी फोटो लगाकर पोस्ट कर दिया था। छात्रा के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के अलुवामई गांव का एक युवक कुंडा कस्बे के तनु हास्पिटल के बगल में लोगों को नृत्य का प्रशिक्षण देने का काम करता है। आरोप है कि वह कस्बे की एक कक्षा नौ की छात्रा के पीछे पड़ा हुआ है। गुरुवार को छात्रा गाड़ी से घर लौट रही थी। इस दौरान प्रशिक्षक बाइक से उसकी गाड़ी के पास पहुंचा और बाइक पर बैठने के लिए कहा। उसने मना किया तो वह उसे धमकाने लगा। यही नहीं उसने छात्रा का चेहरा तेजाब से जलाने की बात कही। इस पर छात्रा सहम गई और घर पहुंचकर इस बात की जानकारी परिजनों को दी। घटना को गंभीरता से लेते हुुए उसके पिता ने कोतवाली में पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी अमरनाथ राय का कहना है कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। कार्रवाई होगी।