कानपुर की एक महिला ने संग्रामगढ़ इलाके की एक किशोरी से फोन पर दोस्ती की। उसे अपने भाई के साथ शादी कराने और सभी सुविधाएं देने का झांसा दिया। मंगलवार को वह किशोरी को लेने के लिए उसके परीक्षा स्थल पर पहुंच गई। इस दौरान उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। शक होने पर विद्यालय प्रबंधन के लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के धंधवल निवासी राजेन्द्र की बेटी संजू हरिश्चंद्र इंटर कालेज बूढ़े बाबा संग्रामगढ़ में हाईस्कूल की परीक्षा दे रही है। कुछ दिन पहले उसके फोन पर अनजान काल आई। उसने फोन उठाया तो दूसरी तरफ से बोलने वाली महिला ने खुद को एक सामाजिक संस्था का अध्यक्ष बताते हुए उससे दोस्ती कर ली। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत होने लगी। महिला ने संजू को बरगलाते हुए बताया कि उसका भाई सरकारी नौकरी करता है। वह उसकी शादी अपने भाई से करा देगी। कहा कि वह कानपुर आकर उसके भाई को देख ले।
इसके लिए मंगलवार का दिन रखा गया। तय हुआ कि महिला उसे स्कूल से ले जाएगी। मंगलवार को महिला एक व्यक्ति के साथ इंटर कॉलेज पहुंची। परीक्षा की घंटी लगने पर सभी बच्चे अंदर जाने लगे तो किशोरी बाहर जाने लगी। यह देखकर शिक्षकों को शक हुआ। शिक्षकों ने महिला से पूछताछ की तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद वहां मौजूद लोग महिला और युवक की पिटाई कर दी। उसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। महिला ने अपना नाम ममता वर्मा पत्नी राजकुमार निवासी पटेल निवासी नगर कानपुर बताया जबकि साथ रहे युवक ने अपना नाम सुरेश कुमार बताया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।