नगर के एक मैरिज हाल में शादी के दौरान दो गुटों के बीच गोलियां चल गई। जिससे भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंचे नगर कोतवाल बवालियों को पकड़ने के बजाय कैमरामैन व वीडियोग्राफर समेत अन्य लोगों को कोतवाली उठा ले गए। पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद सभी को मुचलके पर छोड़ा गया। कचहरी- भंगवाचुंगी रोड पर ही स्थित एक मैरिज हाल में बुधवार की रात शहर के एक परिवार की शादी हो रही थी। रात करीब 11.30 बजे शादी में शामिल दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट होने लगी। शादी में शामिल लोगों ने दोनों युवकों को फटकार कर शांत करा दिया। करीब 15 मिनट बाद मारपीट करने वाले एक युवक के समर्थन में दर्जन भर युवक बाइक से आ पहुंचे।
दूसरे युवक के साथी भी उनके पहुंचते ही पहुंच गए। वे एक दूसरे पर टूट पड़े। लोग बीच-बचाव को दौड़े, लेकिन बवाली युवक सभी को धक्का देकर भगा दे रहे थे। इसी दौरान असलहों से फायरिंग होने लगी। करीब दस- बारह चक्र फायरिंग के चलते वैवाहिक कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। सूचना मिलने पर नगर कोतवाल हरपाल सिंह यादव मौके की ओर भागे। पुलिस का हूटर सुनकर मारपीट व फायरिंग करने वाले बवाली भाग निकले। पुलिस फोटोग्राफर अंकित शर्मा, वीडियोग्राफर अशोक मिश्रा व मैरिज हाल से जुड़े तेज प्रताप सिंह को कोतवाली उठा ले गए। गुरुवार दोपहर अधिवक्ता जेपी मिश्रा की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिला। पूरे प्रकरण की जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर तीनों को मुचलके पर छोड़ा गया।