नगर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित सुखपाल नगर बाजार में गुरुवार को करीब 3.35 पर माहौल पूरी तरह सामान्य था। दुकानों पर लोग खरीदारी कर रहे थे। अचानक पांच मिनट बाद ही तीन बाइक पर सवार होकर छह लोग पहुंचे। उनकी बाइकों की रफ्तार धीमी होते ही अचानक वहां एक टाटा सूमो आकर रुकी। उसमें से करीब आधा दर्जन लोग नीचे उतरे। उनके हाथों में असलहे देख बाइक सवार बदमाश पैदल ही भागे। भागने के दौरान बदमाशों ने भी असलहे निकाल लिए। बीच सड़क पर भाग रहे बदमाशों का पीछा एसटीएफ नंगी पिस्टल लेकर कर रही थी। जबकि बदमाश भी हाथ में पिस्टल निकालकर पुलिस को धमका रहे थे।
अचानक बदमाशों की ओर से फायरिंग होने लगी। यह देख लोगों की सांसें अटक गईं और उनके कदम ठिठक गए। सड़क पर फर्राटा भर रहे वाहनों के पहिए वहीं थम गए। राहगीर भी अपनी जान बचाकर सुरक्षित ठौर की ओर भागे। दुकानदार व ग्राहक भी अचानक हो रही फायरिंग से घबरा उठे। मामला समझने के लिए वे भी उस ओर भागे, लेकिन गोलियां चलती देख लोग अपनी जान बचाने के लिए दुबक गए। करीब दस मिनट के दौरान हर कोई यह समझने का प्रयास ही करता रहा कि एक दूसरे की जान के दुश्मन बने ये लोग कौन हैं। फायरिंग थमने के बाद चार लोगों को पकड़कर हाथों में नंगी पिस्टल लिए पहुंचे लोगों की हकीकत जानकर लोगों की जान में जान आई।