अवैध शराब के कारोबार से जुड़े शराब माफिया के खिलाफ कोई सख्त कदम न उठाने से नाराज अधिकारियों ने मातहतों की जमकर क्लास लगाई। इस पर जेठवारा और महेशगंज पुलिस ने शराब माफिया सुधाकर सिंह व प्रमुख बाबागंज पंकज सिंह समेत अन्य आरोपियों के घरों पर भी दबिश दी। इससे क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
महेशगंज थाना क्षेत्र के आजादनगर में रविवार की रात राईस मिल में अवैध शराब की फैक्ट्री मिली थी। जहां से करोड़ों की शराब बरामद हुई थी। काम करने वाले 15 लोगों को पुलिस ने धर दबोचा था। इलाहाबाद क्राइम ब्रांच व शिवकुटी पुलिस के साथ ही सीओ सदर राकेश कुमार नायक की अगुवाई में हुई कार्रवाई ने आबकारी व पुलिस विभाग के चेहरे को बेनकाब करके रख दिया था। इस मामले में शराब माफिया सुधाकर सिंह, दिवाकर सिंह व बाबागंज प्रमुख पंकज सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। केवल फैक्ट्री में मिले मजदूरों को जेल भेजने के बाद पुलिस ने मौन साध रखा था।
इस बात की जानकारी डीआईजी व आईजी इलाहाबाद को लगी तो उन्होंने मातहतों पर नाराजगी जताते हुए कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। अधिकारियों का पारा गरम देख गुरुवार को महेशगंज एसओ एके मिश्रा, जेठवारा एसओ दिनेश प्रकाश पांडेय ने दलबल के साथ आरोपियों की तलाश में उनके घरों पर जोरदार दबिश दी। पुरमई सुलतानपुर निवासी सुधाकर सिंह व दिवाकर सिंह के साथ कनावा निवासी बाबागंज प्रमुख पंकज सिंह समेत अन्य आरोपियों के घरों पर दबिश देकर उनकी तलाश की गई, लेकिन वे घरों पर नहीं मिले। एसओ महेशगंज ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके मोबाइल नंबर भी सार्विलांस पर लगाए गए हैं।