कटरा रोड पर शरारती तत्वों ने फर्नीचर की दुकान में आग लगा दी। आधे घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझा सकी। पुलिस की सूचना पर दुकानदार मौके पर पहुंचा। उसने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सरोज चौराहे के करीब अरुण कुमार विश्वकर्मा निवासी रूपापुर ने फर्नीचर की दुकान खोल रखी है। करीब बीस साल से वह अपना कारोबार करता चला आ रहा है। शनिवार की रात शरारती तत्वों ने दुकान में केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी। आसपास के लोगों की नजर पड़ी तो घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस बीच सूचना मिलने पर अरुण कुमार अपनी दुकान पर पहुंच चुका था।
दुकान जलती देख वह रोने लगा। आसपास के लोगों ने उसे समझा बुझाकर शांत कराया। आग ने बगल सीताराम की सब्जी की दुकान को भी आगोश में ले लिया। जिससे उसकी सब्जी, बिजली का मीटर समेत अन्य उपकरण जल गए। अरुण की मानें तो करीब ढाई लाख रुपये की लकड़ी, तखत, सोफा, दरवाजा, खिड़की समेत कई कीमती सामान जलकर राख हो गए। पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।