मानिकपुर थाना क्षेत्र का करेहटी गांव रविवार देर शाम गोलियों की तड़तड़हट से थर्रा गया। फायरिंग के दौरान दो लोगों को गोली भी लग गई। गंभीर हालत में पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के पीछे नौटंकी के दौरान हुआ विवाद कारण बताया गया। कुंडा कोतवाली के नई बाजार निवासी आशुतोष पांडेय उर्फ राजा (25) पुत्र राजेश पांडेय किसी काम से रविवार की देर शाम मानिकपुर थाना के करेहटी गांव गया था। यहां आयुष पांडेय (25) पुत्र जयप्रकाश से उसकी मुलाकात हो गई। दोनों बैठकर दो दिन पहले नौटंकी में हुए विवाद को लेकर बातचीत कर रहे थे। तभी उनमें विवाद हो गया।
नौबत मारपीट तक पहुंच गई। बताते हैं कि इस दौरान आशुतोष और आयुष दोनों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से दोनों लोग घायल हो गए। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर लोग मौके की ओर लपके। परिजन भी पहुंचे। दोनों पक्षों से सैकड़ों की संख्या में लोग आमने-सामने हो गए और फिर से जमकर हवाई फायरिंग हुई। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल को दी। खबर मिलते ही कुंडा व मानिकपुर पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देखते ही फायरिंग करने वाले लोग भाग निकले। पुलिस घायलों को कुंडा सीएचसी लेकर पहुंच गई। अस्पताल में दोनों पक्ष के बीच फिर से कहासुनी होने लगी और मारपीट की नौबत आ गई। पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर मामला शांत कराया। गंभीर हालत देखकर चिकित्सकों ने दोनों घायलों को इलाहाबाद रेफर कर दिया।