बाबागंज बिजली उपकेंद्र के कैश काउंटर के सुरक्षाकर्मी को गोली मारकर नकाबपोश बदमाश लाइसेंसी बंदूक लूटकर भाग निकले। आनन-फानन में पहुंचे पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कंधई पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। कंधई थाना क्षेत्र के गनईडीह निवासी राम शिरोमणि पांडेय (60) अवकाश प्राप्त सैनिक हैं। वह करीब पांच वर्ष से बाबागंज स्थित विद्युत उपकेंद्र के कैश काउंटर पर सुरक्षाकर्मी के रूप में तैनात हैं। बुधवार की सुबह वह साइकिल से ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले। वह चौखड़ा गांव से होते हुए सई नदी पुल खीरीबीर घाट के करीब पहुंचे।
तभी पीछे से आए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने साइकिल में ठोकर मारकर उन्हें गिरा दिया। बाइक के पीछे बैठा बदमाश कूदकर उनकी लाइसेंसी दोनाली बंदूक छीन लिया। शिरोमणि ने बदमाशों का विरोध करते हुए बंदूक पकड़ ली। इस पर एक बदमाश ने उन्हें करीब से सटाकर गोली मार दी। गोली उनके दाहिने कंधे को चीरते हुए निकल गई। तभी पीछे से आए राहगीरों ने बदमाशों को ललकारा तो वे फिर एक फायर करते हुए शहर की ओर भाग निकले। घायल सुरक्षाकर्मी को आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल भेजा। रामशिरोमणि पांडेय की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें इलाहाबाद रेफर कर दिया। इस मामले में भाई रामलखन पांडेय की तहरीर पर दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।