सपा नेता दिनेश सिंह के पेट्रोल पंप पर हुई लूट के मामले में पुलिस एक शातिर अपराधी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। वह बुधवार सुबह पुलिसकर्मियों को झांसा देकर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है। सपा नेता दिनेश सिंह के पेट्रोल पंप से तीन दिन पहले बाइक सवार बदमाश 2.19 लाख रुपये लूटकर भाग निकले। इस मामले में संदिग्ध लोगों की पुलिस धरपकड़ कर रही है। जेठवारा पुलिस ने इलाहाबाद में कई लूट, छिनैती की घटनाओं में शामिल रहे सरायनाहर राय के एक शातिर अपराधी को पूछताछ के लिए दो दिन पहले उठा लिया।
पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी। बुधवार की सुबह वह थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों को झांसा देकर भाग निकला। इसकी खबर एसओ चंद्रबली यादव को हुई तो वह लापरवाह पुलिसकर्मियो पर बरस पड़े और उसकी तलाश में कई स्थानों पर दबिश भी दी, लेकिन वह नहीं मिला। देर शाम तक जेठवारा पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी करती रही। इस बाबत एएसपी पश्चिमी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शातिर अपराधी को पूछताछ के लिए लाया जरूर गया था, लेकिन वह घटना में शामिल नही था। वह पुलिसकर्मियों को गच्चा देकर भाग निकला। जांच कर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।