मकंद्रूगंज चौकी पुलिस सोती रही और चोर सर्राफा मार्केट में दुकान का ताला तोड़कर 70 हजार का जेवरात चुराकर भाग निकले। चोरी की घटना से लोगों में आक्रोश है। करीब एक माह पहले भी मार्केट में चोरी की घटना हुई थी। कंधई थाना क्षेत्र के दिलीपपुर देवलहा निवासी राकेश सोनी ने श्यामबिहारी गली स्थित सर्राफा मार्केट में शांति स्वरूप की दुकान किराए पर लेकर जेवरात की गढ़ाई का काम करता है। शनिवार को वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया।
रात में चोरों ने ताला तोड़कर आलमारी से सोने व चांदी के आधे बने जेवरात उठा ले गए। रविवार की सुबह घटना की लोगों को जानकारी हो सकी। सूचना मिलने पर राकेश भागकर दुकान पहुंचा। देखा तो सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर लौट गई। बता दें कि माह भर पहले भी तीन दुकानों में चोरी की घटना हुई थी। जिस पर सर्राफा कारोबारियों ने नाराजगी जताई थी। होमगार्ड और चौकी पुलिस की लापरवाही से चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रभारी कोतवाल संजय शर्मा ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। चोरी करने वालों की तलाश की जा रही है।