बेल्हा पुलिस बेलगाम बदमाशों की खातिरदारी करने में जुटी है। सोमवार को अंबेडकर चौराहा स्थित एक जलपान की दुकान में कैदी की आवाभगत कर रहे दरोगा की लोगों से मारपीट हो गई। लोगों की भीड़ देख दरोगा कैदी को लेकर कचहरी की तरफ भाग खड़ा हुआ।
इलाहाबाद निवासी ब्रह्मदेव को उदयपुर पुलिस ने रविवार रात एक तमंचा व चार जिंदा कारतूस के साथ दबोचा था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह किसी वारदात को अंजाम देने आया था। एसओ ने चालान कर उसे पेशी पर कचहरी भेजा था। इस दौरान थाने से कैदी को पुलिस के वाहन से नहीं बल्कि उसके निजी वाहन से लाया गया। पेशी में देर होते देख एसआई वीरेंद्र प्रताप त्रिपाठी उसे अंबेडकर चौराहा स्थित जलपान की दुकान पर ले आए। वहां मौजूद लोग कैदी की आवभगत देख पुलिस की हरकत पर अफसोस जताने लगे। जो दरोगा व कैदी के साथियों को नहीं भाई। नाराज दरोगा ने दुकान पर जलपान कर रहे लोगों पर खाकी की धमक दिखाई। इस पर लोग आक्रोशित हो गए। बात बढ़ने पर दरोगा और वहां मौजूद लोगों में मारपीट हो गई।
शोर सुन आासपास के लोग एकत्र होने लगे। भीड़ एकत्र होते देख दरोगा कैदी को लेकर कचहरी की ओर चला गया। जबकि कैदी के साथी ने दोबारा आकर जान से मारने की धमकी दी। पेशी पर गए कैदी को जेल भेजने के बाद दोबारा दरोगा जलपान की दुकान पर पहुंचकर बवाल करने लगा। इस पर लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान मौजूद उदयपुर पुलिस उसे साथ लेकर वापस लौट गई। एसपी बलिकरन सिंह यादव ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी मिलने पर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई होगी।