कोचिंग के पढ़ने जा रही छात्रा को रास्ते में रोककर एक युवक ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उसे दौड़ाया तो वह भाग निकला। घटना की तहरीर छात्रा के पिता ने जेठवारा थाने में दी है।
जेठवारा थाना क्षेत्र की एक युवती बीए की छात्रा है। वह डेरवा बाजार में सुबह कोचिंग के लिए जाती है। शनिवार की सुबह कोचिंग के लिए निकली तो काफी कुहरा था। वह अभी कुछ दूर ही चली थी कि डेरवा की तरफ से गांव का ही एक युवक मोटरसाइकिल से पहुंचा और उसकी साइकिल में टक्कर मार दी।
जब वह गिर गई तो उसे पकड़कर झाड़ियों की तरफ खींचने लगा। उसने विरोध किया तो उसे पीटने लगा और मोबाइल भी छीन लिया। छात्रा के शोर मचाने पर एक ट्रैक्टर चालक ने शोर मचाते हुए उसे दौड़ाया लेकिन वह बाइक से भाग निकला। शोर सुनकर मौके पर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग भी पहुंच गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई तो डेरवा चौकी प्रभारी संजय शर्मा ने उसका पीछा करने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मिला। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। एसओ जेठवारा ने छात्रा का बयान भी दर्ज कर लिया है। उधर युवक के दूसरे संप्रदाय के होने के कारण गांव में तनाव फैल गया है।