सड़क बनवाने के विवाद में बसपा नेता की जमकर पिटाई कर दी गई। ग्रामीणों ने विरोध करने का प्रयास किया तो हवाई फायरिंग करके उनमें दहशत फैला दी गई। पिटाई के बाद हमलावर गाड़ियोें से निकल गए। इसके बाद गांव के सैकड़ों लोग कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली के सामने जमकर हंगामा हुआ। इस मामले में जन प्रतिनिधियों पर आरोप लगाया जाता रहा। पुलिस ने ग्रामीणों को कोतवाली के बाहर ही रोक दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मदरियापुर से खलासी का पुरवा के लिए लिंक मार्ग का चयन हुआ है। इसका ठेका बसपा नेता कमलेश मौर्या ने लिया था। कुछ लोगों ने इस सड़क के अलावा दूसरी सड़क बनवाने का उन पर दबाव बनवा रहे थे। आरोप है कि कुछ दिन पहले इस सड़क के लिए काफी संख्या में ग्रामीणों को कुंडा कस्बे बुला यह लिखवाकर साइन कराने का प्रयास किया गया कि उन्हें इस सड़क की जरूरत नहीं है। ग्रामीणों ने इस पर साइन नहीं किया इसलिए उनसे मतभेद चल रहा था। शनिवार की शाम करीब आधा दर्जन गाड़ियों से लोग कमलेश मौर्या के घर पहुंचे और उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। पिटाई से शुरू हुए शोर शराबे पर ग्रामीण दौड़े तो उन्हें फायरिंग करके रोक दिया गया।
फायरिंग से ग्रामीण दहशत में आ गए। इस दौरान कमलेश की जमकर पिटाई की गई। इसके बाद हमलावर असलहा लहराते हुए गाड़ियों से रवाना हो गए। उनके रवाना होते ही ग्रामीण लामबंद हो गए और सैकड़ों की संख्या में कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली में कुंडा के जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाने पर उनसे झड़प भी हो गई। इस बारे में कोतवाल आरके सिंह चंदेल ने बताया कि मारपीट हुई है। फायरिंग की बात गलत है। जिन जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाया जा रहा है वे कुंडा में नहीं हैं। फिलहाल मामले में कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।