जामताली। रानीगंज थाना क्षेत्र के जरियारी मिसिद्दीपुर गांव में शुक्रवार सुबह रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में भारी बवाल हो गया। इस दौरान लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव भी हुआ। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग की गई। इससे गांव में हड़कंप मच गया। मारपीट में दोनों तरफ से पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को तमंचा और कारतूस के साथ धर दबोचा। घटना को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है।
गांव निवासी उदयराज यादव और हरिकेश यादव के बीच रास्ते को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। बताते हैं कि रास्ते में शुक्रवार सुबह उदयराज पक्ष के लोगों ने कूड़ा फेंक दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि हरिकेश ने घटना की जानकारी देकर कुछ बाहरी लोगों को भी बुला लिया। कुछ देर बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान जमकर ईंट-पत्थर भी फेंके गए। तीन चार राउंड फायरिंग भी हुई।
मामला तब बिगड़ गया जब बाहरी लोगों को देखकर गांववाले एकजुट होकर उदयराज की तरफ हो गए। गांव के लोगों ने हरिकेश के पक्ष में आए आधा दर्जन बाहरी लोगों को लाठी-डंडे लेकर दौड़ा लिया। सभी जान बचाकर भागने लगे। इस बीच ग्रामीणों ने पड़ोस के गांव सिद्धनाथ सराय के एक युवक को धर दबोचा। इसके पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। मारपीट में एक पक्ष से उदयराज और इनकी बहू निशा पत्नी राजू यादव, दूसरे पक्ष से सीता देवी पत्नी हरिकेश, विमला पत्नी राजकरन और हरिकेश को चोटें आई हैं। मामले में उदयराज की तहरीर पर लक्ष्मी निधि उर्फ रामदास, अमरेश उर्फ बच्चा, हरिकेश और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। घटना को लेकर गांव में तनाव बरकरार है।