कोहड़ौर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर खुर्द में पुलिस पर हमला करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया। सीओ सिटी की अगुवाई में तीन थानों की पुलिस ने आरोपियों की तलाश में रात भर दबिश दी। गांव से उठाए गए दो लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे। तनाव के चलते दो थानों की पुलिस के साथ ही पीएसी तैनात है।
तिवारीपुर खुर्द में बुधवार को हुए बवाल के बाद कोहड़ौर थाने में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। बुधवार की देर रात दो केस दर्ज किए गए थे। एक दलित रामबली की तहरीर पर तो दूसरा एसओ कोहड़ौर ने लिखाया था। एसओ की तहरीर में कहा गया था कि रामबली के परिजनों पर हमला व आगजनी करने वालों ने दरोगा राम अधार यादव, सिपाही सुरेंद्र यादव, नंदलाल, अवधेश पर पथराव व फायरिंग किया था। इस मामले में आरोपी सलीम, आजाद, वसीम, अनीस, शरीफ समेत 6 नामजद व 60 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। 10/11 जनवरी की रात सीओ सिटी की अगुवाई में आरोपियों की तलाश में तिवारीपुर खुर्द व बहरूपुर में दबिश दी गई। दबिश के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमले के आरोपी मुंशीरजा, इजहार अली, मोहर अली, इंसाफ अली निवासी तिवारीपुर खुर्द को पुलिस ने दबोच लिया। दो लोगों को पुलिस ने गांव से उठाया है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस इससे इंकार कर रही है। गुरुवार को अंतू, कोहड़ौर के अलावा धूमनगंज से आई पीएसी को लगाया गया है। एसओ कोहड़ौर ने बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। शुक्रवार को सभी आरोपियों से पूछताछ व असलहों की बरामदगी के लिए न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद रिमांड लिया जाएगा।
तिवारीपुर खुर्द में बुधवार को हुई घटना के बाद पुलिसिया तांडव से आरोपियों के परिवार वालों के साथ ही गांव के लोग सहमे हुए हैं। नामजद आरोपियों के अलावा दूसरे पुरुषों ने घर छोड़ दिया है। महिलाएं घर की रखवाली कर रहीं हैं। वे भी दहशत में हैं। हालांकि पुलिस बराबर निगाह रखे हुए है। यहां तक कि महिलाएं जरूरी काम से बाजार में खरीदारी करने भी नहीं निकल रही हैं।