जमीन विवाद में पड़ोसियों ने युवक को जिंदा जलाने का प्रयास किया। आग बुझाने के दौरान युवक के दो भाई झुलस गए। तीनों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सरायनारायन सिंह निवासी राजेश कोरी (35) पुत्र रामफल कोरी का पड़ोसी राजाराम से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। सोमवार की देर शाम करीब सात बजे राजेश हैंडपंप पर पानी भर रहा था। जहां दूसरे पक्ष से कहासुनी होने लगी। बात बढ़ने पर विरोधी पक्ष के लोगों ने राजेश को मारने पीटने के बाद उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया। आग के आगोश में फंसा राजेश जान बचाकर भागा। तभी उसके भाई अर्जुन (28) और अनूप (23) आ गए।
दोनों अपने बड़े भाई को लगी आग बुझाने लगे। आग बुझाने के दौरान वे दोनों भी झुलस गए। शोरशराबा सुनकर गांव के लोग दौड़े तो आरोपी भाग निकले। गंभीर रूप से झुलसे तीनों भाइयों को उपचार के लिए सीएचसी ले आया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन करने लगी। लालगंज सीओ ओमप्रकाश दुबे ने बताया कि रंजिश में युवक को जिंदा जलाने का प्रयास हुआ है। झुलसे तीनों भाइयों को उपचार के लिए जिला अस्पताल परिजन ले गए हैं। आरोपी घर से फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
लालगंज कोतवाली के सरायनारायन सिंह निवासी राजेश कोरी और राजाराम पक्ष से जमीन को लेकर विवाद कई सालों से चला आ रहा है। पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो चुकी है। राजेश सोमवार को टेंपो चलाकर आया और जैसे ही हैंडपंप पर पानी भरने गया। उसी समय विरोधी पक्ष के लोगों ने उस पर धावा बोल दिया।
पुरानी रंजिश में युवक को जिंदा जलाने की कोशिश की खबर मिलने पर पुलिस के होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस घटनास्थल की ओर भागी। एसपी एस आनंद ने भी मातहतों को भेजकर मौके पर छानबीन कर हकीकत का पता करने व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का फरमान सुनाया। मौके पर सीओ लालगंज भी पहुंच गए।