बाइक सवार दंपति को कार ने मारी टक्कर, युवक की मौत
डिबाई। थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी को दवा दिलाकर बाइक से लौट रहे युवक की कार टक्कर लगने से मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया।
बदायूं के थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव भोयस निवासी 28 वर्षीय अखिलेश कुमार अपनी पत्नी ऊषा को डिबाई से दवा दिलाकर बाइक से ही रविवार शाम को वापस अपने गांव लौट रहा था। बताया गया कि जब बाइक सवार दंपति नरौरा रोड स्थित एक होटल के पास पहुंचा तो सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी ऊषा गंभीर रुप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा और महिला को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के भाई संतोष कुमार पुत्र राधेश्याम ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।