जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने एक युवक पर बुधवार सुबह जानलेवा हमला किया। जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की गई। हमले में उसका सिर फट गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। मामले में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
बताया जाता है कि नगर कोतवाली क्षेत्र के सगरा निवासी नगर कोतवाली के सगरा निवासी संजय दूबे पुत्र रमाकांत दूबे बुधवार सुबह आफिस जाने के लिए तैयार हो रहे थे। रमाकांत दूबे का पड़ोस के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद है। मामला विचाराधीन है।
सुबह करीब नौ बजे दबंग जमीन पर कब्जा जमाने लगे। विरोध करने पर संजय और उनके परिजनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। हमले में संजय गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनके दो भाइयों को भी पीटकर घायल कर दिया गया। संजय के गले से चेन व जेब में रहा मोबाइल भी छीन ले गए। खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस पहुंच गई और एक बदमाश को मौके से धर दबोचा।