इलाहाबाद बैंक के एटीएम से कुछ दिन पहले रहस्यमय ढंग से गायब हुए 2 लाख 87 हजार 7 सौ रुपये पुलिस ने एटीएम के गार्ड से शनिवार को बरामद कर लिए। एटीएम का लॉक खोलकर गार्ड ने ही इस रकम पर हाथ साफ कर दिया था। स्टेटमेंट की स्लिप के खुलासे के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने गार्ड को पकड़कर कर्रा किया तो उसने सारी कहानी बयां कर दी। इस खुलासे के लिए बैंकवालों ने पुलिस पार्टी को ग्यारह हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
बाबागंज स्थित इलाहाबाद बैंक के एटीएम में 12 जून को पैसा डालने के बाद कर्मचारी उसमें ताला तो लगाए, मगर उसकी चाबी वहीं भूल गए। 18 जून को कर्मचारी दोबारा एटीएम में पैसा डालने गए तो चाभी खोजी जाने लगी। जब वह नहीं मिली तो कर्मचारियों ने इसकी सूचना कोतवाली को दी। इसी बीच शंका होने पर बैंकवालाें ने एटीएम का स्टेटमेंट निकालकर मिलान किया। पता चला कि 2 लाख 85 हजार 7 सौ रुपये का हिसाब गायब है। यह जानकर बैंक वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। शनिवार को एटीएम के मैनेजर अभिषेक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने एटीएम के गार्ड लालगंज खजुरी निवासी दिनेश कुमार को शंका के आधार पर उठाया। पूछताछ में उसने रकम चुराना कबूल किया। कोतवाल हरिपाल सिंह ने बताया कि दिनेश कुमार ने बताया कि घटना वाले दिन जब एटीएम में आठ लाख रुपये डालकर कर्मचारी लौटने लगे तो एटीएम को लॉक करने के बाद चाभी भूल गये थे। उनके जाने के बाद उसने एटीएम को उसी चाभी से खोला और उसमें से 2,85,700 रुपये की चोरी कर ली।