शहर के केनरा बैंक के एटीएम से शातिर उचक्कों ने अधिवक्ता के तीस हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। उचक्कों की तस्वीर सीसीटीवी फुटेज में कैद है।
नगर कोतवाली के सदर बाजार निवासी जगत बहादुर सिंह वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। मंगलवार को वह भैरोपुर स्थित केनरा बैंक के एटीएम से दो हजार रुपये निकालने के लिए पहुंचे। उस समय एटीएम के भीतर दो लोग मौजूद थे। उन्होंने एटीएम कार्ड लगाकर कोड नंबर डाल दिया। इस बीच वहां मौजूद लोगों ने उन्हें झांसा देकर मशीन खराब होने की बात कहते हुए रुपये निकालने के लिए प्रयोग होने वाली बटन को दबा दिया।
जिससे रुपये निकलने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। मशीन खराब होने की बात सुनकर वह बाहर निकल आए। वह दूसरे बैंक के एटीएम से रुपये निकालने की सोच ही रहे थे कि महज पांच मिनट बाद बाहर निकले एक युवक ने बताया कि एटीएम सही हो गया है। रुपये निकाल सकते हैं। इस पर उन्होंने दोबारा रुपये निकालने की कोशिश की, लेकिन रुपये नहीं निकले। वह मामले की जानकारी बैंक प्रबंधक को देने पहुंचा तो पता चला कि उनके खाते से दो बार में 15-15 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। यह सुनते ही वह सन्न रह गए। प्रबंधक ने सीसीटीवी फुटेज देखा तो मशीन बंद बताने वाले लोग ही जगह बहादुर सिंह के रुपये निकालते दिखाई पड़े। शिकायत के बाद मकंद्रूगंज चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। शहर कोतवाल हरपाल सिंह यादव ने बताया कि सूचना मिली है। घटना की छानबीन की जा रही है। शातिर बदमाशों को खोजने के लिए सिपाहियों को लगाया गया है।